महिला सशक्तीकरण के सभी आयामों पर माननीया रेणु पाठक जी ने दिया मार्गदर्शन, ‘शक्ति साथी’ ऐप की सराहना की
सेवा भारती अवध प्रान्त के महिला कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग में 38 महिलाओं ने प्राप्त किया प्रशिक्षण; शक्ति साथी ऐप के राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार की संभावना पर दिया जोर
सीतापुर, 26 अक्टूबर 2026। सेवा भारती अवध प्रान्त द्वारा आयोजित दो दिवसीय महिला कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग में राष्ट्रीय सेवा भारती की अखिल भारतीय महामंत्री रेणु पाठक जी ने महिला सशक्तीकरण के विभिन्न आयामों पर विस्तार से मार्गदर्शन किया। सीतापुर स्थित आनंदी देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में 38 महिलाओं ने सहभागिता करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त किया।

रेणु पाठक जी ने महिलाओं से संबंधित सेवा कार्यों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा समाज में महिलाओं की प्रभावी भूमिका के विभिन्न पहलुओं को समझाया। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं को सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और महिला सशक्तीकरण के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण वर्ग के नवासी प्रकल्प एवं जिज्ञासा समाधान सत्र में उन्होंने प्रतिभागी महिलाओं की जिज्ञासाओं का विस्तारपूर्वक समाधान किया तथा सेवा गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

शक्ति साथी ऐप की सराहना, राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार की संभावना
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान सेवा भारती द्वारा विकसित शक्ति साथी ऐप के शुभारंभ पर रेणु पाठक जी ने इसकी विशेष सराहना की। उन्होंने ऐप को एक उपयोगी एवं सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में यह सफल रहता है, तो भविष्य में इसे राष्ट्रीय स्तर पर भी लागू किया जा सकता है। इससे सेवा कार्यों में डिजिटल तकनीक के उपयोग और संगठनात्मक समन्वय को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने शक्ति साथी ऐप के विकास के लिए सेवा भारती संगठन के प्रयासों एवं योगदान की विशेष सराहना करते हुए इस पहल से जुड़े सभी लोगों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
इस प्रशिक्षण वर्ग में नारी विमर्श, वैभवश्री, संस्कार वर्ग, किशोरी विकास एवं सुपोषण जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया। इन सत्रों के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न सेवा आयामों की जानकारी प्राप्त करने और अपनी कार्यक्षमता विकसित करने का अवसर मिला।प्रशिक्षण वर्ग के समापन अवसर पर रेणु पाठक जी द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली सभी महिला प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में सेवा भारती अवध प्रान्त की कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य, विभागीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा विभिन्न जिलों की कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने महिला सशक्तीकरण एवं सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में सहभागिता की।
यह प्रशिक्षण वर्ग महिला कार्यकर्ताओं की क्षमता वृद्धि, महिला सशक्तीकरण तथा सेवा गतिविधियों को तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
_imresizer.png)



Comments