राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शिक्षा वर्ग (विशेष) में सेवा भारती अवध प्रांत द्वारा बाल संस्कार केंद्रों का परिचय
लखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शिक्षा वर्ग (विशेष), पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रशिक्षुओं के मध्य सेवा भारती अवध प्रांत द्वारा संचालित बाल संस्कार केंद्रों के विषय में एक विशेष परिचयात्मक एवं प्रेरक सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सेवा भाव, सरस्वती विद्या मंदिर, सेक्टर-‘क्यू’, अलीगंज, लखनऊ स्थित सभागार में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में सेवा भारती अवध प्रांत के प्रांत कोषाध्यक्ष श्री मंशाबख्श राजावत जी ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए सेवा भारती द्वारा समाज के वंचित एवं उपेक्षित वर्गों के बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु संचालित बाल संस्कार केंद्रों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल संस्कार केंद्र केवल शिक्षा प्रदान करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि बच्चों में नैतिक मूल्यों, भारतीय संस्कृति, अनुशासन, स्वच्छता, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण कार्य भी करते हैं।

श्री राजावत जी ने कहा कि सेवा भारती समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के उद्देश्य से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन एवं सामाजिक समरसता के विभिन्न प्रकल्पों का संचालन कर रही है। बाल संस्कार केंद्र इन प्रयासों का एक महत्वपूर्ण अंग हैं, जिनके माध्यम से हजारों बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने प्रशिक्षुओं का आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सेवा कार्यों से जुड़कर समाज के वंचित वर्गों के उत्थान में सक्रिय योगदान दें तथा सेवा को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं।
सत्र के दौरान प्रशिक्षुओं ने सेवा भारती के विभिन्न सेवा प्रकल्पों के संबंध में जिज्ञासाएं भी प्रस्तुत कीं, जिनका समाधान विस्तारपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्रशिक्षुओं ने सेवा कार्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
— अभिषेक कुमार सिंह,
प्रांत प्रचार प्रमुख,
सेवा भारती अवध प्रान्त
_imresizer.png)



Comments