top of page
Search

सेवा भारती अवध प्रांत कार्यालय में विधिक परामर्श केंद्र एवं सरकारी जनकल्याण योजना सहायता केंद्र का शुभारंभ

लखनऊ, 29 जून। सेवा भारती अवध प्रांत द्वारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, सहयोग एवं मार्गदर्शन पहुंचाने के उद्देश्य से भारत भवन, कुंडरी रकाबगंज, लखनऊ स्थित प्रांतीय कार्यालय में "सेवा भारती विधिक परामर्श केंद्र" एवं "सेवा भारती सरकारी जनकल्याण योजना सहायता केंद्र"का शुभारंभ किया गया।


इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र सेवा प्रमुख श्री युद्धवीर जी, सेवा भारती अवध प्रांत के प्रांत उपाध्यक्ष श्री लालराम जी, प्रांत महामंत्री श्री रजनीश कुमार गुप्ता जी, प्रांत के विभिन्न अधिकारीगण, विभागों के दायित्ववान कार्यकर्ता तथा लखनऊ पश्चिम विभाग के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के दौरान सेवा भारती विधिक परामर्श केंद्र के संचालन हेतु गठित 7 से 10 अधिवक्ताओं के पैनल तथा सरकारी जनकल्याण योजना सहायता केंद्र के लिए गठित 5 सदस्यीय सहयोगी दल का परिचय कराया गया। सभी सदस्यों ने सेवा भाव के साथ समाज के वंचित, पीड़ित एवं जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क मार्गदर्शन एवं सहायता पहुंचाने का संकल्प लिया।

अपने उद्बोधन में क्षेत्र सेवा प्रमुख श्री युद्धवीर जी ने कहा कि सेवा भारती का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर उचित सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इन दोनों केंद्रों के माध्यम से पात्र नागरिकों को निःशुल्क विधिक परामर्श, दस्तावेज तैयार कराने में सहयोग, कानूनी अधिकारों की जानकारी, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन भरने में सहायता, दस्तावेज सत्यापन तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं एवं सहयोगी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पूर्ण सेवा भाव, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ समाज के पात्र व्यक्तियों तक इन सेवाओं को पहुंचाने का कार्य करें।

प्रांत उपाध्यक्ष श्री लालराम जी ने कहा कि सेवा भारती सदैव समाज के वंचित एवं अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के लिए कार्यरत रही है। इन दोनों केंद्रों के प्रारंभ होने से समाज के अनेक लोगों को एक ही स्थान पर कानूनी सलाह एवं सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।

प्रांत महामंत्री श्री रजनीश कुमार गुप्ता जी ने कहा कि सेवा भारती द्वारा प्रारंभ किए गए ये दोनों केंद्र समाज के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इन केंद्रों से जोड़कर उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने सेवा भारती के सेवा संकल्प को और अधिक व्यापक बनाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का संकल्प दोहराया। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि "सेवा भारती विधिक परामर्श केंद्र" एवं "सेवा भारती सरकारी जनकल्याण योजना सहायता केंद्र" समाज के लिए एक महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी पहल सिद्ध होंगे।


अभिषेक कुमार सिंह

प्रांत प्रचार प्रमुख,

सेवा भारती अवध

 
 
 

Comments

Rated 0 out of 5 stars.
No ratings yet

Add a rating
bottom of page